Thursday, 24 October 2019
Saturday, 31 August 2019
मुक्तक
बीमारी का हाल चलो बीमारों से पूछा जाये
मज़बूरी का अर्थ इन्हीं लाचारों से पूछा जाये
होगा क्या उपचार, ग़रीबी जैसी बीमारी का भी
प्रश्न ज़रूरी है, चलकर सरकारों से पूछा जाये
-प्रवीण 'प्रसून'
08896865866
Monday, 8 October 2018
मुक्तक
यही है खून से सींचे हुये अभिमान की माटी
जहां हँस कर लुटाते जाँ यही बलिदान की माटी
जो माँ पर आँच ना आने दें ऐसे शेर से बेटे
जना करती है अपने देश हिंदुस्तान की माटी
माँ तेरी कृपा से हम आकाश झुका देंगे
ग़र पड़ी ज़रूरत तो खुद को भी मिटा देंगे
एक माँ तू एक माँ है अपनी भारत माता
यहाँ दीप जला देंगे वहाँ, शीश कटा देंगे
कर दें जो मन मधुर घण्टियाँ पूजिये
शक्तिरूपी कनक रश्मियाँ पूजिये
माँ को खुश करने का है तरीका सरल
भगवती रूप में बेटियां पूजिये
शान को अपनी परिंदों की शान तक रखना
हसरतें आप भी ऊँची उड़ान तक रखना
ठोस आधार का होना मगर ज़रूरी है
ज़मीं पे पाँव ख़्वाब आसमान तक रखना
शांति सद्भाव का रंग धो जायेगा
होगा अन्याय तब न्याय खो जायेगा
शक्ति का यदि अहं से हुआ मेल तो
एक रावण वहीं पैदा हो जायेगा
Monday, 11 December 2017
मन तुझको
मन तुझको मैं क्या बहलाऊँ टूटी फूटी आशाओं से
मुझे पता है टूट चुका है जो था अब तक भ्रम का घेरा
किरणें झूठी लुप्त हुई हैं अब यथार्थ का घोर अँधेरा
यंत्र तंत्र कब बाँध सकें हैं अजय काल को सीमाओं से
एक नियंता एक धुरी है शेष जगत तो चाकर ठहरा
सबका है अस्तित्व उसी से ऊँचा नभ या सागर गहरा
करूँ अहं क्या सुविधाओं का क्या घबराऊँ विपदाओं से
पल भर को भूला था तुझको सोचा था मैं बहुत बड़ा हूँ
जीवन के अंतिम क्षण पाया जहां से चला वहीं खड़ा हूँ
लक्ष्य डूबना था मेरा मैं क्यों लड़ता था धाराओं से
जीवन पथ पर विजय मिली तो श्रेय लिया मोती बाँटे
अश्रु असीमित बहे वहाँ पर जहाँ मिले थोड़े काँटे
क्यों न रहा मैं परे जीत की और हार की घटनाओं से
लिखे हुये में जुड़े घटे ना चाहे जितनी कलम चला ले
लिखने और मिटा सकने का जानें क्यों झूँठा भ्रम पाले
सत्य तुझे मैं क्यों झुठलाऊँ उम्मीदों की कविताओं से
प्रवीण 'प्रसून'
Tuesday, 5 December 2017
आँसू
रात तन्हा है मेरी और सहारे आँसू
ख़त्म उम्मीद नहीं और न हारे आँसू
दर्द की शब में सबब पूछ उजाले का क्या
चंद उम्मीद लिये चाँद सितारे आँसू
सूख कर गाल में एक नक्श बना डाला है
हू-ब -हू दिल की दास्तान उभारे आँसू
संग शहनाइयों के चूर ख़्वाब हो बैठे
टूट कर गिर गये आंखों से कुँआरे आँसू
सूख कर रह गयीं आँखें इधर जुदाई में
शख़्स यक ले गया है साथ में सारे आँसू
प्रवीण 'प्रसून'
Sunday, 19 November 2017
मुक्तक
इधर से हाथ जोड़े जा रहे हैं
उधर से सांप छोड़े जा रहे हैं
चुनावी दौर दारू मुफ़्त की है
शहर में काँच तोड़े जा रहे हैं
-प्रवीण 'प्रसून'
Sunday, 29 October 2017
सरदार पटेल
अदम्य शक्ति देशभक्ति सौम्यता का मेल था
जो राष्ट्र के लिये जिया वो नाम एक पटेल था
सरल स्वभाव था मगर वो व्यक्ति अति विशेष था
वो कार्य पूर्ण कर दिया जो कार्य एक शेष था
जो चित्र था अपूर्ण पूर्ण मानचित्र कर दिया
किया अखण्ड सिंह ने जो खण्ड -खण्ड देश था
अथाह शक्ति पुंज था वो भारती का लाल था
समस्त विश्व के लिये अतुल्य एक मिसाल था
बँटे कटे मनों को एकता के सूत्र में पिरो
जो काम उसने कर दिया वो काम क्या कमाल था
वो कर्म में कठोर था इसीलिए अजेय था
सृजन में राष्ट्र के बहुत महत्वपूर्ण श्रेय था
कभी न लोभ में बँधा अनन्य देशभक्त वो
एकमेव सेवा मातु भारती की ध्येय था
बही न बूँद रक्त की विजय हुई जिधर चला
वो विश्व को सिखा गया है क्रांति की नयी कला
महापुरुष महाबली वो लौह -सा अडिग रहा
जो कर लिया विचार फिर विचार से नहीं टला
:प्रवीण 'प्रसून'